गूगल अर्थ से हटेगी कसाब की जेल

अगर देश भर की जेलों की बात करें तो इस समय अर्थर रोड जेल, जिसमें कसाब को रखा गया है, की सुरक्षा सबसे ज्यादा है। यही नहीं कोई भी आतंकवादी संगठन कसाब तक नहीं पहुंचने की योजन न बना सके, इसलिए अर्थर रोड जेल को वेबसाइट 'गूगल अर्थ' से हटाने की प्रक्रिया चल रही है।
महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री नसीम खान ने बताया कि कसाब को जिंदा रखने और उसे किसी भी प्रकार के हमले से बचाने के लिए अर्थर रोड जेल की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
वहीं मुंबई पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक कसाब को इस समय जेल की अंडा सेल में रखा गया है। ये वो अंडाकार सेल है, जिसमें कुख्यात अपराधियों को रखा जाता है।
अधिकारियों के मुताबिक कोई भी आतंकी संगठन कसाब तक नहीं पहुंचने की योजन न बना सके इसलिए गूगल अर्थ से अर्थर रोड जेल को हटाने की प्रक्रिया चल रही है। हाईकमान से हरी झण्डी मिलते ही गूगल अर्थ से इस जेल को हटा दिया जाएगा।
कसाब की सुरक्षा में न केवल मुंबई पुलिस के जवान तैनात हैं, बल्कि इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस (आईटीबीपी) के जवान भी तैनात किये गये हैं। अधिकारियों ने बताया कि जेल के बाहरी इलाकों की सुरक्षा मुंबई पुलिस के हाथ में है, जबकि अंदर की सुरक्षा आईटीबीपी के हाथ में। जेल के हर इलाके पर सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जा रही है।
कसाब को जिस स्थान पर रखा गया है, उसके चारों ओर लोहे की दीवार बनायी गई है, जिस पर बम, ग्रेनेड या फायरिंग का कोई असर नहीं हो सकता।


Click it and Unblock the Notifications