हिमाचल प्रदेश में चिकित्सा छात्रों पर हत्या का आरोप
छात्रों पर आरोप है कि उन्होंने शनिवार को कांगड़ा जिले में स्थित सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय के प्रथम सत्र के छात्र अमन काचरु (19) की रैगिंग के दौरान पिटाई की जिससे रविवार को उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब के नशे में धुत सीनियरों द्वारा रैगिंग के दौरान की गई पिटाई के कारण काचरु के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में घातक चोटें आईं जिससे उसकी मौत हो गई।
प्रदेश के पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) एस. आर. मार्डी ने आईएएनएस को बताया कि उपरोक्त चार छात्रों के खिलाफ हत्या (भारतीय दंड संहिता की धारा 302) का मामला दर्ज कर लिया गया है।
इससे पहले पुलिस ने उनके खिलाफ आपराधिक मानववध (भारतीय दंड संहिता धारा 304) के तहत मामला दर्ज किया था। मार्डी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उन पर लगी धाराओं को बदल दिया गया। दो छात्रों अजय वर्मा और नवीन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि शेष दो अभिनव वर्मा और मुकुल शर्मा अभी फरार हैं।
उल्लेखनीय है कि अमन ने मौत से पहले कालेज प्रशासन और पुलिस दोनों को घटना के संबंध में सूचित कर दिया था लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया।
इस बीच प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री राजीव बिंदल ने कहा कि मामले की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications