लखनऊ में जुलूस के दौरान पुलिस और सुन्नी समुदाय बीच झड़प (लीड-1)
लखनऊ के पुलिस प्रमुख नरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि जुलूस निकालने पर आमादा सुन्नी समुदाय के लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज किया, जिसमें चार लोग मामूली रूप से घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए छत्रपति साहूजी महाराज चिकित्सा विश्वविद्यालय भेजा गया। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है।
श्रीवास्तव ने बताया कि चौक इलाके की शाहमीनाबाद रोड पर सैकड़ों सुन्नी समुदाय के लोग प्रतिबंधित जमात-ए-मुहम्मदी जुलूस निकाल रहे थे। जब पुलिस ने जुलूस को रोका तो उन्होंने पुलिस पर पथराव कर दिया। हालात काबू करने पुलिस को लाठी चार्ज करने के साथ-साथ आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
उन्होंने बताया कि सुन्नी समुदाय के लोगों द्वारा निकाला जाने वाला जमात-ए-मुहम्मदी जुलूस प्रतिबंधित है। इसे 1980 में शिया-शुन्नियों के बीच हुए दंगे के बाद प्रतिबंधित कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि इलाके में तनाव को देखते हुए ऐहतियातन अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications