तीसरे मोर्चे में शामिल होने का कोई निर्णय नहीं : बीजद
बीजद प्रवक्ता दामोदर राउत ने आईएएनएस को भुवनेश्वर से फोन पर बताया, "मैंने देवेगौड़ाजी को टीवी पर सुना। लेकिन अभी तक हमने किसी मोर्चे या गठबंधन में शामिल होने का फैसला नहीं किया है।"
उन्होंने जोर देकर कहा, "हमने इस मुद्दे पर कोई विचार नहीं किया है। बीजद के मुख्य प्रवक्ता के नाते मैं कह रहा हूं कि हमने फिलहाल किसी मोर्चे में शामिल होने का निश्चय नहीं किया है।"
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापसी के सवाल पर राउत ने कहा, "फिलहाल न तो हम राजग के साथ हैं और न किसी अन्य मोर्चे में ही शामिल होने का हमारा निर्णय है।"
राउत ने कहा, "हमारी पार्टी क्षेत्रीय है। हम समान विचारधारा वाली धर्मनिरपेक्ष पार्टियों के साथ सीटों का तालमेल कर सकते हैं। फिलहाल हम बुधवार को विश्वास मत हासिल करने की तैयारी में व्यस्त हैं। विश्वास मत के बाद ही किसी अन्य मुद्दे पर विचार किया जाएगा।"
यह पूछे जाने पर कि क्या इस मसले पर मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से चर्चा हुई है, राउत ने कहा, "जी हां, नवीन पटनायक ने कहा है कि फिलहाल बीजद किसी मोर्चे में शामिल नहीं है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications