रैगिंग के दौरान पिटाई से मेडिकल छात्र की मौत के मामले में 4 गिरफ्तार (लीड-2)
पुलिस के मुताबिक अभिनव वर्मा, मुकुल शर्मा, अजय वर्मा और नवीन वर्मा नामक इन चारों आरोपी छात्रों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
स्थानीय राजेंद्र प्रसाद चिकित्सा महाविद्यालय के अंतिम वर्ष के इन छात्रों पर आरोप है कि उन्होंने शनिवार को प्रथम सत्र के छात्र अमन काचरु (19) की रैगिंग के दौरान पिटाई की थी जिससे रविवार को उसकी मौत हो गई थी।
प्रदेश के पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) एस. आर. मार्डी ने आईएएनएस को बताया कि सभी चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उपरोक्त चारों छात्रों के खिलाफ हत्या (भारतीय दंड संहिता की धारा 302) का मामला दर्ज कर लिया गया है।
इससे पहले पुलिस ने उनके खिलाफ आपराधिक मानववध (भारतीय दंड संहिता धारा 304) के तहत मामला दर्ज किया था।
इस बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजीव बिंदाल ने कहा कि आरोपी छात्र आपराधिक मनोवृत्ति के हैं। उन्होंने कहा, "शुरुआती जांच के मुताबिक चारों छात्र आपराधिक मनोवृत्ति के हैं और घटना के समय वे नशे में थे।"
उन्होंने कहा कि काचरु ने मौत के पहले दर्ज कराए गए अपने बयान में कहा था कि चारों छात्रों ने नशे की हालत में उसकी रैगिंग ली जिसमें उसे बुरी तरह पीटा गया।
उधर, दिल्ली में काचरु का अंतिम संस्कार कर दिया गया। काचरु के परिजनों ने कहा कि उसने कॉलेज में दुर्व्यवहार की शिकायत की थी जिसपर कदम न उठाकर उन्होंने गलती की।
अमन के एक रिश्तेदार ने कहा, "जब उसने हमसे रैगिंग के बारे में शिकायत की थी तभी हमें उसे वापस बुला लेना चाहिए था।"
अमन के पिता रवींद्र काचरु ने संवाददाताओं से कहा, "मेरी सबसे बड़ी गलती रही कि मैं कभी अंदाजा ही नहीं लगा पाया कि ऐसा हो सकता है। उसने हमसे शिकायत की थी लेकिन हमने कभी नहीं सोचा कि मामला इतना गंभीर होगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस


Click it and Unblock the Notifications