मुंबई हमले मामले में पाकिस्तान से और कार्रवाई चाहता है अमेरिका
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता राबर्ट वुड ने विदेश सचिव शिवशंकर मेनन और अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन की मुलाकात के एक दिन पहले सोमवार को कहा, "हमारा आकलन है कि पाकिस्तान कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध करा रहा है लेकिन साफ तौर पर और अधिक किया जा सकता है।"
उन्होंने कहा कि यह सबसे महत्वपूर्ण है कि हम अपनी पूरी शक्ति से हमले के जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाने का प्रयास करें।
क्लिंटन-मेनन मुलाकात के मुख्य मुद्दों के बारे में पूछे जाने पर वुड ने कहा कि उनके लिए इस बारे में अटकल लगाना कठिन है। परंतु विदेश मंत्री निश्चित रूप से विदेश सचिव से मुंबई हमलों की जांच में हुई प्रगति के बारे में सुनना चाहेंगी।
उन्होंने कहा कि मुंबई आतंकवादी हमले की जांच के साथ ही दोनों अधिकारी अन्य मुद्दों के साथ अफगानिस्तान में संघर्ष के बारे में भी चर्चा करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications