चर्च में सभा के दौरान बम फेंके

यह घटना जिले के नासरीगंज थाना क्षेत्र में स्थित एक चर्च में हुई। पुलिस के मुताबिक हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
रोहतास जिले के पुलिस अधीक्षक विकास वैभव ने बताया कि बारीडीह गांव स्थित चर्च में जब रविवार को प्रार्थना चल रही थी तो खिड़की से एक-दो बम फेंके गए। इस हमले में चर्च के फादर विनोद समेत तीन लोग घायल हो गए। फादर की गंभीर हालत को देखते हुए इलाज के लिए बनारस स्थित बनारस हिंदु विश्वविद्यालय अस्पताल भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि हमलावर राकेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। वैभव ने बताया कि राकेश के अनुसार इस हमले के बाद उसने आत्महत्या की योजना बनाई थी। उसके पास से एक 'सुसाइड नोट' भी पुलिस ने बरामद किया गया है। जिसमें लिखा गया है कि भारत में चचरें द्वारा हिन्दुओं के धर्म परिवर्तन करने के विरोध में ये हमला किया गया है और मैं भी इसी कारण आत्महत्या कर रहा हूं।
उन्होंने बताया कि राकेश की दिमागी हालत ठीक नहीं है। इस मामले की एक प्राथमिकी नासरीगंज थाना में दर्ज करा दी गई है तथा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
गौरतलब है कि कर्नाटक, उड़ीसा और केरल में पिछले साल सांप्रदायिक तनाव के बाद तमाम गिरजाघरों पर हमला हुआ था। उड़ीसा और कर्नाटक में तो कई चर्च आग के हवाले कर दिये गये थे। पुलिस का कहना है कि इस हमले को पिछले साल की घटनाओं से नहीं जोड़ा जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications