केरल में वाम दलों के बीच सीटों के समझौते पर मतभेद जारी
कोल्लम, पोनानी और कोझिकोड़ संसदीय सीट को लेकर एलडीएफ के वामपंथी घटक दलों के बीच मतभेद है। रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) ने कोल्लम सीट पर अपना दावा ठोंका है जबकि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) भी इस सीट पर अपनी दावेदारी कर रही है।
माकपा कोझिकोड़ सीट पर भी अपनी दावेदारी जता रही है जबकि 1980 से यह सीट जनता दल-सेक्युलर (जेडी-एस) के पास है। जेडी-एस ने यह सीट छोड़ने से साफ इनकार कर दिया है।
पोनानी सीट पर माकपा और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के बीच मतभेद है। माकपा ने इस सीट पर मलप्पुरम जिले के एक निजी कालेज के प्रिंसिपल हुसैन रानधातानी को अपना उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है जबकि भाकपा ने कहा है कि पोनानी सीट उसकी है और वह किसी भी सूरत में हुसैन की उम्मीदवारी को स्वीकार नहीं करेगी।
बहरहाल, ताजा मतभेदों को दूर करने के लिए आगामी 12 मार्च को एलडीएफ की बैठक बुलाई गई है जिसमें सीटों के तालमेल को अंतिम स्वरूप दिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications