बिहार में विभिन्न दलों के 4 सांसदों के खिलाफ मामला दर्ज (लीड-1)
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बाहुबली सांसद पप्पू यादव तथा उनकी पत्नी व लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) की सांसद रंजीता रंजन के खिलाफ रविवार की शाम पूर्णिया जिले के खजांचीहाट थाने में चुनाव आचार संहिता के उल्ल्ांघन का मामला दर्ज किया गया है।
पूर्णिया के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अश्विनी दात्रेय ठाकरे ने सोमवार को बताया कि सात मार्च को सांसद द्वय की रैली में पांच वाहनों के उपयोग की अनुमति प्रशासन द्वारा दी गई थी तथा तोरणद्वार नहीं लगाए जाने के आदेश दिए गए थे परंतु कई स्थानों पर तोरणद्वार लगाए गए तथा पांच से ज्यादा वाहनों का उपयोग रैली में किया गया था जो चुनाव आचार संहिता का उल्ल्ांघन है। उन्होंने बताया कि दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इधर, राजद के पटना के सांसद रामकृपाल यादव समेत 50-60 लोगों के खिलाफ पटना जिले के भगवानगंज थाने में चुनाव आचार संहिता के उल्ल्ांघन का मामला सोमवार को दर्ज कराया गया।
भगवानगंज थाने के प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि मसौढ़ी के प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन कुमार द्वारा दर्ज कराए गए मामले में सांसद सहित सभी लोगों पर आरोप लगाया गया है कि बिना अनुमति के खरोज गांव में आम सभा की गई थी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता एवं राज्यसभा सदस्य राजीव प्रताप रूडी के खिलाफ बिहार के सारण जिले के भगवान बाजार थाने में रविवार की रात चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का एक मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार यह मामला सारण के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) सांवर भारती द्वारा दर्ज कराया गया है।
सांवर भारती ने सोमवार को बताया कि सांसद के खिलाफ गत चार मार्च को एक सरकारी भवन में पत्रकार वार्ता करने का आरोप लगाया गया था। जिलाधिकारी के आदेश के बाद आरोप की जांच की गई तब आरोप को सत्य पाया गया तथा सांसद के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।
उन्होंने बताया कि चुनाव की घोषणा के बाद सरकारी भवनों का इस्तेमाल चुनाव प्रचार के लिए करना चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications