अमेरिका के साथ द्विपक्षीय रिश्ते व आतंकवाद पर चर्चा करेंगे मेनन (लीड-1)
वाशिंगटन, 8 मार्च (आईएएनएस)।
भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाए जाने के सूत्रों की तलाश विदेश सचिव शिवशंकर मेनन का मुख्य एजेंडा होगा। अमेरिका में हुए नेतृत्व परिवर्तन के बाद भारत और वाशिंगटन के बीच पहली उच्चस्तरीय चर्चा में हिस्सा लेने मेनन चार दिवसीय यात्रा पर रविवार को अमेरिका पहुंचे।
मेनन विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन, उप विदेश मंत्री जेम्स बी. स्टेनबर्ग और अपने समकक्ष राजनीतिक मामलों के विदेश मंत्री विलियम बर्न्स के अलावा पेंटागन में रक्षा अधिकारियों से भी मुलाकात करेंगे।
बातचीत के दौरान पाकिस्तान में पैदा हो रहे आतंकवाद और नवंबर में मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों की जांच में हुई प्रगति पर भी चर्चा किए जाने की संभावना है।
बुश प्रशासन के दौरान भारत-अमेरिका के बीच हुए परमाणु समझौते तथा लंदन में होने जा रहे आगामी जी20 समिट पर भी मेनन चर्चा कर सकते हैं।
द्विपक्षीय संबंधों के अलावा मेनन अफगानिस्तान और पाकिस्तान के लिए विशेष अमेरिकी दूत रिचर्ड हॉलब्रुक से मुलाकात के दौरान पड़ोसी देश में स्थायित्व व शांति लाने के भारतीय नजरिये के बारे में चर्चा करेंगे।
पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी और अफगानिस्तान के विदेश मंत्री रंगीन दादफार स्पांटा अमेरिकी नीति की जारी समीक्षा के एक हिस्से के रूप में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेने पिछले महीने अमेरिका में थे।
हॉलब्रुक ने भारत को क्षेत्र का एक प्रमुख खिलाड़ी मानते हुए नीति समीक्षा में सलाह मुहैया कराने के लिए आमंत्रित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications