बीजद के साथ गठबंधन टूटना दुर्भाग्यजनक : भाजपा (लीड-2)
उड़ीसा में बीजू जनता दल (बीजद) के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से अलग होने के फैसले को भाजपा ने दुर्भाग्यजनक और उड़ीसा की जनता के साथ धोखा करार दिया है।
उड़ीसा के ताजा घटनाक्रम पर चर्चा करने के लिए भाजपा की केंद्रीय पदाधिकारियों की वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के निवास पर रविवार शाम एक बैठक हुई।
बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने गठबंधन तोड़ने के लिए बीजद को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि वामदलों के झांसे में आकर बीजद ने उड़ीसा की जनता के साथ धोखा किया है।
उन्होंने कहा कि नवीन पटनायक को उनके कुछ सलाहकारों और वामपंथियों ने गुमराह करते हुए दिन में सपने दिखाए हैं। उड़ीसा की जनता यह सब देखेगी।
इस बीच पार्टी ने एक बयान जारी कर कहा कि भाजपा ने उड़ीसा में बीजद के साथ गठबंधन धर्म का पूरी तरह पालन किया और पटनायक सरकार को पूरा सहयोग दिया है।
बैठक में आडवाणी, राजनाथ सिंह, अरुण जेटली सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे। आडवाणी के दूत बनकर शनिवार को नवीन पटनायक से मिलने भुवनेश्वर गए सांसद चंदन मित्रा भी इस बैठक में विशेष रूप से मौजूद थे। उन्होंने बैठक में पटनायक से बातचीत का ब्योरा पेश किया।
उल्लेखनीय है कि आगामी लोकसभा चुनावों में सीटों के तालमेल को लेकर उड़ीसा के मुख्यमंत्री व बीजद प्रमुख नवीन पटनायक और मित्रा की बातचीत बेनतीजा रहने के बाद शनिवार को गठबंधन टूटने की औपचारिक घोषणा की गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications