एशियाई सदी के लिए मतभेद खत्म करें : मुशर्रफ
मुशर्रफ ने उद्योग और मीडिया जगत के लोगों से कहा, "यह सदी भू-आर्थिक सदी है। अर्थव्यवस्था ही राष्ट्रों को विकास और लोगों को उनके कल्याण की ओर ले जाती है।"
भारत के निजी दौरे पर आए मुशर्रफ ने एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री (एसोचैम) के एक दोपहर भोज में कहा, "यह सदी एशियाई सदी होने जा रही है। क्या हम दक्षिण एशियाई इस सदी का हिस्सा होने के लिए तैयार हैं?"
मुशर्रफ ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के विवाद के कारण हम इस परिदृश्य से बाहर हैं।
उन्होंने एक तरफ भारत और पाकिस्तान तथा दक्षिण एशिया के अन्य देशों के बीच आर्थिक और व्यापारिक संबंध बढ़ाने तथा दूसरी ओर दक्षिण एशिया तथा मध्य एशिया के बीच आर्थिक संबंध बढ़ाने पर जोर दिया। अपने देश की भू-रणनीतिक स्थिति की प्रशंसा करते हुए मुशर्रफ ने कहा कि पाकिस्तान में क्षेत्र का ऊर्जा और व्यापार गलियारा बनने की क्षमता है।
उन्होंने कहा कि यह आर्थिक क्षमता तब तक वास्तविकता में नहीं बदल सकती जब तक कि दोनों देश सभी विवाद समाप्त करके शांति, सद्भाव और मित्रता के नए युग का श्रीगणेश नहीं कर लेते।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।