तिब्बतियों से भयभीत महसूस कर रहे हैं चीनी नेता
धर्मशाला, 8 मार्च (आईएएनएस)। तिब्बतियों के सर्वोच्च धार्मिक गुरु दलाई लामा ने रविवार को कहा कि चीनी नेता तिब्बती बौद्ध धर्मावलंबियों से भयभीत महसूस कर रहे हैं।
रविवार को यहां प्रमुख लामाओं की एक बैठक में दलाई लामा ने ये बातें कही। उन्होंने कहा, "चीन के कम्युनिस्ट नेता तिब्बती बौद्ध धर्मावलंबियों से डर रहे हैं। यदि कोई भी तिब्बती चीन में अपनी भाषा और संस्कृति की रक्षा करने की कोशिश करता है तो वहां का नेतृत्व भयभीत हो जाता है।"
दलाई लामा ने कहा, "तिब्बत के अंदर की स्थिति बेहद चिंताजनक है। वहां कोई भी तिब्बती नागरिक अपनी अस्मिता को बचाने का प्रयास करता है तो उसे प्रताड़ित किया जाता है, वहीं जो चीनी के साथ कदम से कदम मिलाता है, उसे सबकुछ दिया जा रहा है।"
उल्लेखनीय है कि तिब्बत में 60 लाख से अधिक तिब्बती रहते हैं, जिसे चीन अपना हिस्सा मानता है। पूरी दुनिया में लगभग 140,000 तिब्बती निर्वासन की जिंदगी जी रहे हैं, जिसमें एक लाख से अधिक भारत में रहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications