अटल से मिलना चाहते हैं मुशर्रफ

मुशर्रफ अपनी इस बार की भारत यात्रा के दौरान उन सभी कार्यक्रमों को पूरा करेंगे, जिन्हें वह अपनी पिछली यात्रा के दौरान बतौर राष्ट्रपति नहीं कर पाए थे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से मुलाकात की भी उनकी इच्छा है।
चूंकि मुशर्रफ के पास अब सत्ता नहीं है, लिहाजा वह पूरे इत्मीनान में हैं। वह दिल्ली के रेस्तरांओं में जाना चाहते हैं और आम लोगों से मुलाकात करना चाहते हैं।
अपने दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को यहां पहुंचने के बाद मुशर्रफ ने इंडिया टुडे पत्रिका के प्रधान संपादक प्रभु चावला के साथ एक साक्षात्कार में कहा, "मैं बहुत सुकून महसूस कर रहा हूं। बहुत ही अच्छा महसूस कर रहा हूं।"
मुशर्रफ ने कहा, "मैं दिल्ली के रेस्तरांओं में जाने को वरीयता दूंगा और जामा मस्जिद तथा अन्य ऐतिहासिक स्थलों को देखने जाऊंगा। मेरे पास काफी सुकूनभरा समय है।"
मुशर्रफ पिछली बार वर्ष 2005 में सरकारी दौरे पर भारत आए थे। उन्होंने कहा, "मैं रेस्तरांओं में जाना चाहता हूं और आम लोगों के साथ मिलना चाहता हूं।"
मुशर्रफ ने कहा कि उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ मुलाकात के लिए भी निवेदन किया है। लेकिन यह मुलाकात वाजपेयी के स्वास्थ्य पर निर्भर होगा।


Click it and Unblock the Notifications