कार्यकाल ख़त्म होने पर पद से नहीं हटेंगे करज़ई

अफ़ग़ानिस्तान चुनावों पर विवाद के बीच राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने कहा है कि मई में अपना कार्यकाल ख़त्म होने पर वे राष्ट्रपति के पद से नहीं हटेंगे.
संविधान के अनुसार चुनाव अप्रैल में होना चाहिए लेकिन देश का स्वतंत्र चुनाव आयोग चाहता है कि सुरक्षा और अन्य मुश्किलों के कारण चुनाव को अगस्त तक स्थगित कर देना चाहिए.
राष्ट्रपति करज़ई का कार्यकाल 21 मई को ख़त्म होना है. इससे ये मुद्दा उठ खड़ा हुआ है कि मई से अगस्त तक अफ़ग़ानिस्तान में कौन शासन करेगा.
संवैधानिक समस्या
संविधान में करज़ई के कार्यकाल ख़त्म होने के बाद पद पर बने रहने का कोई प्रावधान नहीं है. उनके प्रतिद्वंद्वियों ने पहले ही उन पर ग़ैरक़ानूनी ढंग से सत्ता में बने रहने का आरोप लगाया है और माँग की है कि वे अपना पद छोड़ दें.
राष्ट्रपति करज़ई ने कहा है कि वे इस मुद्दे पर कि अफ़ग़ानिस्तान में मई और अगस्त में देश में किसका शासन हो, राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा चाहते हैं.
ये संभावना है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय इस विषय पर दख़ल दे और समस्या का कोई अंतरिम हल सुझाए. लेकिन दोनो पक्षों में मतभेदों को देखते हुए ये आशंका भी जताई जा रही है कि ये विवाद कहीं प्रदर्शनों और सड़कों पर झड़पों की शक्ल न ले ले.


Click it and Unblock the Notifications