भारत में अवरोधक मिसाइल का परीक्षण

भारत ने शुक्रवार को अवरोधक मिसाइल का सफल परीक्षण किया है. यह मिसाइल 1500 किलोमीटर तक किसी भी शत्रु मिसाइल को नष्ट कर सकता है.
दो साल में यह इस मिसाइल का तीसरा सफल परीक्षण था.
भारत के रक्षा अनुसंधान विकास संगठन (डीआरडीओ) का कहना है यह मिसाइल धनुष या पृथ्वी का परिष्कृत संस्करण है.
अधिकारियों का कहना है कि यह पाकिस्तान की ग़ौरी मिसाइल की तरह ही है.
इससे पहले गत चार मार्च को डीआरडीओ ने ज़मीन से ज़मीन पर मार करने वाली सुपरसोनिक क्रूज़ मिसाइल ब्रह्मोस के नए संस्करण का सफल परीक्षण किया था.
शुक्रवार को अवरोधक मिसाइल का परीक्षण बंगाल की खाड़ी में उड़ीसा के तट पर स्थित टेस्ट रेंज में किया गया.
अधिकारियों के अनुसार परीक्षण के लिए जो मिसाइल छोड़ा गया उसे इसके राडार ने 40 सेकेंड के भीतर ही पकड़ लिया और फिर उसे नष्ट कर दिया.
इसे नौसेना के जहाज़ आईएनएस राजपूत से दागा गया था.
डीआरडीओ के अनुसार यह मिसाइल ज़मीन और नौसेना के जहाज़ दोनों से छोड़ा जा सकता है.


Click it and Unblock the Notifications