चुनाव आयोग करेगा 'स्टार कैम्पेनिंग'

मुख्य चुनाव आयुक्त एऩ गोपालस्वामी ने शुक्रवार को कहा कि अगामी लोकसभा चुनाव में मतों का प्रतिशत बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग 'स्टारों' की भी मदद लेगा। ये स्टार लोगों को वोट डालने के प्रति जागरूक करने का काम करेंगे।
बिहार के राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ चुनाव आयोग की बैठक के बाद पटना में पत्रकारों से चर्चा के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा ऐसा नहीं कि ये स्टार फिल्मी दुनिया के ही होंगे लेकिन वे स्टार जरूर होंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार में अधिकारियों के हाल के दिनों में किये गये स्थानान्तरण की स्क्रीनिंग की जाएगी। उन्होंने कहा कि ठेके (कांट्रेक्ट) पर नौकरी कर रहे कर्मचारियों को चुनाव कार्य से अलग रखने की राजनीतिक दलों के सुझाव पर विचार कर निर्णय लिया जाएगा।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि बिहार में चुनाव के लिए आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और जो खामियां हैं उन्हें दूर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निष्पक्ष और स्वच्छ चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग कृतसंकल्प है।
उन्होंने कहा कि बिहार में स्वच्छ मतदान के लिए जितने सुरक्षा बलों की आवश्यकता होगी वह उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को हुई बैठक में कई दलों के नेताओं ने आपत्तियां दर्ज कराई हैं। उन्होंने कहा कि उन आपत्तियों पर विचार कर कोई निर्णय लिया जाएगा।
मतदाता सूची और फोटो पहचान पत्र बनने की गति से नाखुश दिखे गोपालस्वामी ने माना कि फोटो पहचान पत्र बनाने के काम में और तेजी लाने की जरूरत है।
उन्होंने बताया कि बिहार में करीब पांच करोड़ 43 लाख मतदाता हैं तथा कुल बूथों की संख्या 56943 है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के अधिकारियों में कोई विवाद नहीं है।
ज्ञात हो कि मुख्य चुनाव आयुक्त के नेतृत्व में चुनाव आयोग की एक टीम दो दिवसीय दौरे पर चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पटना में है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications