श्रीनगर में तनाव बरकरार, सुरक्षा कड़ी की गई
श्रीनगर, 7 मार्च (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में पुलिस के साथ झड़पों में एक प्रदर्शनकारी के मारे जाने के एक दिन बाद शनिवार को भी तनाव बरकरार रहा। यह जानकारी अधिकारियों ने दी।
प्रशासन ने नौहाटा, गोजवारा, राजौरी कदल, सफा कदल, बोहरी कदल, नैद कदल, और अन्य क्षेत्रों में हिंसा भड़कने से रोकने के लिए पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ)के जवान तैनात कर दिए हैं।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने इन इलाकों में लोगों और यातायात की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
नौहाटा में जुमे की नमाज के बाद लोग धार्मिक अधिकारों में सरकार के कथित 'हस्तक्षेप' और राज्य की जेलों में कैदियों की स्थिति के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। भीड़ द्वारा पथराव किए जाने के बाद पुलिस गोलीबारी में शाहिद अहमद अहंगर की मौत हो गई थी और शब्बीर अहमद बाबा नाम का एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था।
शैक्षिक संस्थान, दुकानें और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। शहर के ऊपरी इलाकों में स्थिति कुछ सामान्य रही हालांकि सुबह के समय वहां भी सड़कों वीरान रहीं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया,"यह कदम हालात बिगड़ने से रोकने के लिए उठाया गया है। रोक-टोक के बावजूद छात्रों को 10वीं और 12 वीं की परीक्षाओं के लिए जाने की इजाजत दी जाएगी। उन्हें सुरक्षाकर्मी परीक्षाकेंद्र तक पहुंचाएंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications