पीसीआर कर्मचारियों को सिखाया जा रहा है जीवन रक्षा का कौशल
नई दिल्ली, 7 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सड़क दुर्घटनाओं के पीड़ितों को बचाने के मद्देनजर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) के वैन में भ्रमण करने वाले कर्मचारियों को जीवन रक्षा के बुनियादी हुनर सिखा रहा है।
गैर सरकारी संगठन सेवलाइफ फाउंडेशन की पहल पर 23 फरवरी को शुरू हुआ यह प्रशिक्षण अगले आठ सप्ताहों तक चलेगा। इस दौरान लगभग 2,000 पीसीआर कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण सत्र एम्स के ट्रामा विशेषज्ञों की देख-रेख में चलाया जा रहा है।
सेवलाइफ के संस्थापक पीयूष तिवारी ने कहा, "पीसीआर वैन, सड़क दुर्घटना के दौरान घटनास्थल पर सबसे पहले पहुंचते हैं और शहर में एक तरह से एंबुलेंस की तरह काम करते हैं। हमने सोचा कि पीसीआर वैन के प्रशिक्षित कर्मचारी पीड़ितों के जीवन बचाने की संभावना को बढ़ाने में ज्यादा सक्षम हो सकते हैं।"
इन सत्रों में यह सिखाया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल किसी व्यक्ति को कैसे बचाया जा सकता है और सुरक्षित तरीके से अस्पताल पहुंचाया जा सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications