माकपा केंद्रीय समिति की बैठक दिल्ली में आरंभ
नई दिल्ली, 7 मार्च (आईएएनएस)। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र तैयार करने और प्रत्याशियों की सूची को अंतिम रूप देने के लिए मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की केंद्रीय समिति की दो दिवसीय बैठक शनिवार को आरंभ हो गई।
बैठक ऐसे समय शुरू हो रही है जब पार्टी को अपने मजबूत गढ़ पश्चिम बंगाल और केरल में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
पश्चिम बंगाल में माकपा के नेतृत्व वाले वाम मोर्चे को तृणमूल कांग्रेस-कांग्रेस गठबंधन वाले विपक्षी मोर्चे से कड़ी चुनौती मिल रही है। हाल के दो विधानसभा उप चुनावों में वाम मोर्चे को भारी धक्का लगा है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार केंद्रीय समिति लोकसभा चुनाव में अपनी सीटों को कायम रखने और पश्चिम बंगाल में वाम मोर्चे को मजबूत करने की रणनीति तैयार करेगी।
केरल में पोन्नानी और कोझीकोड सीटों पर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी और जनता दल-सेक्युलर के साथ मतभेदों पर भी समिति की बैठक में चर्चा होगी।
पिछले महीने माकपा ने विष्णुपुर (पश्चिमी) विधानसभा सीट उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस के हाथों 30,395 मतों से गंवा दी थी। कांग्रेस ने इस चुनाव में अपना उम्मीदवार वापस ले लिया था। माकपा ने यह सीट वर्ष 2006 के चुनाव में 4,250 मतों से जीती थी।
जनवरी में तृणमूल कांग्रेस ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार को राजनीतिक रूप से संवेदनशील नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में 39,551 मतों से पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications