ग्वालियर में मालगाड़ी प्लेटफार्म पर चढ़ी
मिली जानकारी के अनुसार मथुरा स्थित बाद रिफायनरी जा रही यह मालगाड़ी शुक्रवार को जब उत्तर-मध्य रेलवे के झांसी मंडल के अंतर्गत आने वाले ग्वालियर रेलवे स्टेशन को पार कर रही थी तभी उसके 26 और 27 नम्बर के टैंकर को जोड़ने वाली कपलिंग अचानक टूट गई। इंजन की ओर का हिस्सा तो आगे चला गया मगर पिछले हिस्से के टैंकर प्लेटफार्म संख्या दो को तोड़ते हुए ऊपर चढ़ गए।
इस हादसे में कोई हताहत तो नहीं हुआ है लेकिन प्लेटफार्म संख्या दो और तीन से सटे रेल लाइनों पर आवागमन पूरी तरह अवरूद्ध हो गया है। इस वजह से दिल्ली से भोपाल आने वाली गाड़ियों को प्लेटफार्म संख्या एक और दिल्ली की ओर जाने वाली गाड़ियों को प्लेटफार्म संख्या चार से निकाला जा रहा है।
झांसी मंडल के जनसम्पर्क अधिकारी ललित कुमार ने आईएएनएस को बताया कि रेलवे प्रशासन ने इस हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। इस हादसे का आवागमन पर किसी भी तरह का असर नहीं पड़ा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications