बिहार में 2 लोकसभा सीटों को लेकर राजग में विवाद
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्य के मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने शुक्रवार को बताया कि पार्टी पिछले लोकसभा चुनाव की तर्ज पर 16 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने जदयू के प्रदेश अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह की 26 सीटों की मांग को नाजायज बताया।
उल्लेखनीय है कि गुरूवार शाम पत्रकारों से चर्चा करते हुए ललन सिंह ने नये परिसीमन के कारण बदले भौगोलिक क्षेत्रों का हवाला देते हुए 26 सीटों की मांग की थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जदयू और भाजपा के बिहार प्रभारी अरुण जेटली की मौजूदगी में भाजपा से दो दौर की बात हो चुकी है।
इधर, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राधा मोहन सिंह ने शुक्रवार को आईएएनएस से बातचीत में कहा कि राजग बिहार की सभी 40 सीटों पर अपना प्रत्याशी खड़ा करेगी। सीटों के बंटवारे को लेकर हो रहे विवाद पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि सीटों को लेकर कहीं कोई विवाद नहीं है।
उन्होंने कहा कि दोनों दल गठबंधन को ज्यादा से ज्यादा सीटों पर विजयी देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सीट के बंटवारे का अंतिम निर्णय जेटली और जदयू के नेता ही करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications