बापू के सामान पर संग्राहक की नई शर्त

संग्राहक जेम्स ओटिस की नई शर्त के अंतर्गत अगर भारत सरकार अगर गरीबों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं पर खर्च को बढ़ाने या फिर 78 देशों में महात्मा गांधी के अहिंसा सिद्धांत को बढ़ावा देने के मकसद से चलाए जाने वाले शैक्षणिक समारोहों को समर्थन देती है तो वह नीलामी वापस ले लेंगे।
ओटिस ने यह शर्त बुधवार रात न्यूयार्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूत को भेजे गये एक पत्र के माध्यम से रखी। इस पत्र में ओटिस ने कहा है कि वो भारत के जवाब और प्रस्तावों पर पर विस्तार से काम करने की का इंतजार कर रहे हैं।
वहीं भारतीय महावाणिज्य दूत ने न्यूयार्क में नीलामी करने वाले एक हाउस से कहा कि वह नीलामी रोकने संबंधी दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश का सम्मान करे।
भारत सरकार के प्रयास जारी
बापू के सामान को वापस लाने पर भारत सरकार ने कहा है कि नीलामी रुकवाने और वस्तुओं को हासिल करने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। हालांकि इस बीच ऐसी खबर भी आयी है कि नीलामी रुकवाने के लिए भारत की ओर से की गई धनराशि की पेशकश अमेरिकी संग्राहक ने ठुकरा दी है। वहीं नीलामी को रुकवाने के लिए भारत ने अमेरिका के विदेश विभाग से भी मदद मांगी है।
विदेश राज्य मंत्री आनंद शर्मा ने कहा है कि उन्होंने वाशिंगटन स्थित अपने दूतावास और न्यूयार्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास से कहा है कि गांधी से जुड़ी वस्तुओं को हासिल करने के लिए वह जो भी संभव हो करें। चाहे उसे बोली लगा कर हासिल करें या अन्य किसी रास्ते से। शर्मा ने भरोसा दिलाया है कि किसी भी हाल में भारतीय धरोहर देश में वापस लायेंगे।
भारतीय-अमेरिकी आगे आये
बापू के सामान को खरीदने के लिए एक भारतीय-अमेरिकी संत सिंह छतवाल आगे आये हैं। छतवाल अमेरिका के बड़े होटलों के मालिकों में से एक हैं। छतवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा है कि वो अपने कुछ प्रवासी भारतीय मित्रों के साथ मिलकर बापू के सामान पर बोली लगायेंगे।
उन्होंने कहा कि उनका मकसद बापू के सामान को भारत वापस लाना है। जितने अधिक से अधिक प्रयास हो सकेंगे वो करेंगे।
गुरुवार को बापू की जिन वस्तुओं की नीलामी होनी है उनमें जेनिथ ब्रांड की पॉकेट घड़ी, एक जोड़ी चप्पल, स्टील के फ्रेम वाला गोल शीशे वाला चश्मा और एक कटोरा और एक प्लेट।
इन वस्तुओं की न्यूयार्क के एंटीकोरम ऑक्शनर्स में गुरुवार को नीलामी की जानी है। फिलहाल इन वस्तुओं पर जेम्स ओटिस का मालिकाना अधिकार है।
नीलामी कर्ताओं द्वारा इन वस्तुओं की कीमत 20,000 से 30,000 डॉलर के बीच रखी गई है। लेकिन यदि नीलामी की गई तो 100,000 से 300,000 डॉलर तक की बोलियां लगाई जा सकती हैं।


Click it and Unblock the Notifications