बिहार में वाहनों की संख्या बढ़ी
राज्य परिवहन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि वर्ष 1990 से लेकर 2007 तक राष्ट्रीय स्तर पर जहां वाहनों की संख्या में 197 प्रतिशत की वृद्घि दर्ज की गई थी वहीं बिहार में यह वृद्घि 239 प्रतिशत थी।
परिवहन विभाग में दर्ज आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2005 में राज्य में 61333 दोपहिया वाहन खरीदे गए जिनकी संख्या 2008 में बढ़ कर 106618 हो गयी। हालांकि जीप की खरीददारी में कमी दर्ज की गई है। वर्ष 2007 में राज्य में 3904 जीपें खरीदी गईं थीं वहीं 2008 में मात्र 3511 जीपें ही खरीदे गईं।
आंकड़ों के मुताबिक वित्तीय वर्ष 2007-08 में परिवहन कर के रूप में सरकारी खजाने में करीब 242 करोड़ रुपये की राशि जमा हुई थी।
राज्य परिवहन आयुक्त राम शोभित पासवान भी मानते हैं कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में राज्य सरकार को परिवहन कर के रूप में अच्छी आमदनी हुई है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2008-09 में फरवरी तक 270 करोड़ रुपये सरकारी खजाने में जमा हो चुके हैं।
पासवान ने आशा व्यक्त की कि यह राशि मार्च तक 300 करोड़ रुपये हो जाएगी। उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग की आमदनी में वृद्घि का मुख्य कारण वाहनों के निबंधन शुल्क में कमी करना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications