चंडीगढ़ में विदेशी भाषा के छात्रों को मिलेगा रोजगार
चंडीगढ़, 5 मार्च (आईएएनएस)। विदेशी भाषाओं की पढ़ाई करने वाले छात्रों की इन दिनों चंडीगढ़ में मांग बढ़ती जा रही है। दरअसल ये छात्र यहां आने वाले विदेशी पर्यटकों के लिए अब गाइड काम करेंगे।
चंडीगढ़ प्रशासन ने कहा है कि विभिन्न विदेशी भाषाओं, मसलन फ्रेंच, जर्मन, स्पेनिश और रूसी की पढ़ाई कर रहे छात्रों को गाइड के तौर पर नियुक्त किया जाएगा।
चंडीगढ़ के पर्यटन विभाग के निदेशक समवर्तक सिंह ने आईएएनएस से कहा कि यहां प्रतिवर्ष हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, जिसमें कई पर्यटकों को अंग्रेजी भी नहीं आती है, ऐसे लोगों को उनकी भाषा में समझाने के लिए बड़ी संख्या में गाइड की आवश्यकता होती है।
सिंह ने कहा कि इसी कारण छात्रों को अब गाइड के तौर नियुक्त करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इससे छात्रों को रोजगार के साथ-साथ काम करने का अनुभव भी मिलेगा।
आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2008 में चंडीगढ़ में 32,074 विदेशी पर्यटक पहुंचे थे, जबकि वर्ष 2007 में 26,567 विदेशी पर्यटक यहां आए थे। दरअसल चंडीगढ़ आने वाले पर्यटकों की संख्या में प्रतिवर्ष इजाफा हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications