सुल्तानपुर के सांसद के खिलाफ कांग्रेस ने की शिकायत
प्रदेश कांग्रेस ईकाई के मुख्य प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने आईएएनएस को बताया कि सांसद ताहिर खान ने लोगों में भय पैदा करने के मकसद से अपने हथियारबंद समर्थकों के साथ जुलूस निकाला। कांग्रेस ने इसका विरोध करते हुए लखनऊ दौरे पर आए मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) एन. गोपालस्वामी को एक पत्र लिखकर सांसद के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई। साथ ही बसपा सांसद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की गई है।
सिंह ने बताया कि सुल्तानपुर जिला प्रशासन के खिलाफ भी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है, जिसने सांसद को इस कृत्य के लिए सहमति दी।
सिंह ने कहा कि सीईसी को स्थानीय अखबारों की प्रतियां और चित्र भी भेजे गए हैं, जिनमें सांसद हथियारबंद समर्थकों के साथ खुली जीप में जुलूस निकालते नजर आ रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस ने मांग की है कि बलात्कार और कबूतरबाजी के आरोपी सांसद ताहिर खान के खिलाफ जांच की जाए और उन्हें चुनाव लड़ने से वंचित किया जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications