लाहौर के पुलिस प्रमुख ने सुरक्षा खामियों की बात स्वीकारी
खुसरो ने कहा, "सुरक्षा में कई खामियां थीं। यह बहुत साफ दिख रहा है।" मंगलवार को होटल से गद्दाफी स्टेडियम जाते वक्त हुए हमले में श्रीलंका के छह क्रिकेटर जख्मी हुए थे जबकि उनकी सुरक्षा में तैनात इतने ही पुलिसकर्मी मारे गए थे।
खुसरो ने कहा कि हमले के वक्त टीम की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों को पीछे से दूसरी टुकड़ियों की मदद मिलनी चाहिए थी लेकिन ऐसा नहीं हो सका क्योंकि वहां पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मी नहीं थे।
उन्होंने कहा, "सभी काफिलों के साथ एक बाहरी सुरक्षा घेरा होता है लेकिन इस घटना के वक्त बाहरी घेरा या तो था ही नहीं या फिर वह हमले का जवाब देने की स्थिति में नहीं था। इसके अलावा श्रीलंकाई टीम के काफिले में शामिल वाहन भी पर्याप्त नहीं थे।"
खुसरो ने कहा कि सुरक्षाकर्मियों का मुख्य लक्ष्य श्रीलंकाई खिलाड़ियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना था न कि आतंकवादियों से लड़ना।
उन्होंने कहा, "सुरक्षा में भारी कमी थी। यह स्वीकार करने में कोई हर्ज नहीं। जहां तक हमलावरों के भागने का सवाल है तो लाहौर को पूरी तरह घेरना संभव नहीं था, लिहाजा हमने उनके भागने के रास्तों से मिली सूचना के आधार पर ही उनका पीछा करने का फैसला किया।"
इंडो-एशियन न्यू्ज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications