हमलों पर ओबामा ने गहरी चिंता जताई

बराक ओबामा ने पाकिस्तान में श्रीलंकाई टीम पर हमले के बाद कहा है कि पाकिस्तान के सूबा सरहद के इलाक़े अल क़ायदा की पनाहगाह बन गए हैं.
वॉशिंगटन में ब्रितानी प्रधानमंत्री गोर्डन ब्राउन से मुलाक़ात के बाद राष्ट्रपति ओबामा ने कहा, " अभी पूरी जानकारी आ ही रही है, इसलिए मैं ख़ासतौर पर कुछ नहीं कहना चाहता, लेकिन ब्रिटेन और अमरीका दोनों ही देश चाहते हैं कि अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान चरमपंथियों की पनाहगाह नहीं बनने चाहिए."
ओबामा का कहना था," अमरीका और ब्रिटेन दोनों ने मिलकर अफ़ग़ानिस्तान की स्थिति सुधारने के लिए सबसे अधिक सैनिक भेज रखे हैं, लेकिन हकीकत ये है कि अफ़ग़ानिस्तान में स्थितियाँ बिगड़ी हैं."
'पनाहगाह'
अफ़ग़ान सीमा का ज़िक्र करते हुए ओबामा ने कहा, " पाकिस्तान के सूबा सरहद के इलाक़े आज भी चरमपंथी संगठन अल क़ायदा के लिए सुरक्षित स्थान बने हुए हैं."
अभी पूरी जानकारी आ ही रही है, इसलिए मैं ख़ासतौर पर कुछ नहीं कहना चाहता, लेकिन ब्रिटन और अमरीका दोनों ही देश चाहते हैं कि अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान चरमपंथियों की पनाहगाह नहीं बनने चाहिए राष्ट्रपति बराक ओबामा
| |
ओबामा ने कहा कि अमरीका उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नैटो) और अफ़ग़ानिस्तान में सैन्य भेजने वाले अपने दूसरे साथियों के साथ मिलकर अफ़ग़ानिस्तान और पाकिस्तान पर अपनी नीतियों की समीक्षा कर रहा है. अप्रैल में नैटो की बैठक होने वाली है.
ओबामा से पहले अमरीकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने लाहौर हमले की निंदा करते हुए कहा था, " ये कुछ लोगों पर हमला नहीं था, ये पाकिस्तान और श्रीलंका के रिश्तों पर और शांति पर किया गया हमला था."
ग़ौरतलब है कि सोमवार को पाकिस्तान के लाहौर में गद्दाफ़ी स्टेडियम के क़रीब श्रीलंकाई टीम पर बंदूकधारियों ने हमला किया था जिसमें श्रीलंका टीम के सात खिलाड़ी ज़ख़्मी हो गए थे जबकि सात लोग मारे गए थे. अभी तक इस हमले की किसी संगठन ने ज़िम्मेदारी नहीं ली है.


Click it and Unblock the Notifications