लाहौर हमले के सिलसिले में 60 गिरफ्तार
लाहौर, 4 मार्च (आईएएनएस)। लाहौर में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम पर मंगलवार को हुए हमले में कथित संलिप्तता के आरोप में करीब 60 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि अज्ञात आतंकवादियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इन हमलों में श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के छह खिलाड़ी और उनके सहायक कोच घायल हो गए थे जबकि छह सुरक्षाकर्मियों समेत आठ व्यक्ति मारे गए थे।
स्थानीय टेलीविजन चैनल 'जियो टीवी' के मुताबिक बुधवार को पुलिस ने लाहौर के कई बाजारों में छापे मारकर बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए। तीन कारों और एक रिक्शा को भी जब्त किया गया है। जिनके बारे में कहा गया है कि हमलावर उन्हीं से मौका-ए वारदात पर पहुंचे थे।
चैनल ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि इस मामले में 14-15 अज्ञात बंदूकधारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है जिन्होंने इस हमले को अंजाम दिया था। संदिग्धों को हत्या, हत्या की कोशिश और आतंकवाद का आरोपी बनाया गया है।
आतंरिक मामलों के पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के सलाहकार रहमान मलिक ने संवाददाताओं को बताया कि तीन ओर से आए हमलावरों ने श्रीलंकाई टीम के काफिले को घेर लिया था।
जियो ने खबर दी है कि खुफिया सूत्रों ने पंजाब सरकार को श्रीलंकाई टीम पर हमले की आशंका के बारे में सूचना दी थी। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री शहबाज शरीफ ने सुरक्षा प्रबंध कड़े करने का निर्देश दिया था।
गौरतलब है कि लाहौर में मंगलवार सुबह श्रीलंकाई टीम पर 12 अज्ञात बंदूकधारियों ने उस समय हमला किया था जब टीम के सदस्य बस में सवार होकर गद्दाफी स्टेडियम जा रहे थे। हमले में श्रीलंका के छह खिलाड़ी और टीम के सहायक कोच जख्मी हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications