बिहार में ग्रामीणों की पिटाई से दो कथित लुटेरों की मौत
भागलपुर (ग्रामीण) के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) रामनंद कौशल ने बताया कि रतनगंज गांव के नजदीक चार कथित ट्रक लुटेरे लूट की एक घटना को अंजाम देकर भाग रहे थे कि ग्रामीणों ने चारों को पकड़ लिया और उनकी लाठी-डंडे से जमकर पिटाई कर दी। इस पिटाई से दो लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई जबकि दो लोग घायल हो गए।
डीएसपी ने बताया कि घायलों को भागलपुर सदर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। उन्होंने बताया भागने के क्रम में अपराधियों ने गोली भी चलाई थी जिससे दो ग्रामीण भी घायल हो गए हैं। पकड़े गए अपराधियों के पास से दो देसी बंदूक तथा पांच कारतूस भी बरामद किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस मामले की एक प्राथमिकी सजौर थाना में दर्ज करा दी गई है तथा पुलिस मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है। मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications