लाहौर हमला: श्रीलंकाई खेल मंत्री ने की 6 खिलाड़ियों के घायल होने की पुष्टि
कोलंबो, 3 मार्च (आईएएनएस)। लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में दाखिल होते समय मंगलवार सुबह श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों पर अज्ञात बंदूकधारियों के हमले में कम से कम छह खिलाड़ी घायल हो गए। यह जानकारी श्रीलंका के खेल मंत्री जेमिनी लोकुगे ने दी। श्रीलंका ने पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया है।
लोकुगे ने बताया, "स्टेडियम की ओर बढ़ रही टीम को निशाना बनाकर किए गए हमले में हमारे छह खिलाड़ी घायल हो गए। हम इस घटना से बेहद चिंतित हैं।"
मंत्री ने बताया कि थिलान समरवीरा और टीम के सहायक कोच के अलावा अन्य सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
श्रीलंकाई टीम के कप्तान माहेला जयवर्धने के पिता ने बताया कि उनके पुत्र ने लाहौर से उनकी पुत्रवधू को फोन करके बताया है कि हमले में उसके पैर में मामूली चोट आई है।
श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दुलीप मेंडिस ने आईएएनएस को बताया कि समरवीरा और थारंगा परनाविथराना उस समय घायल हो गए जब वे स्टेडियम में दाखिल हो रहे थे।
मेंडिस ने बताया, "अब तक हमें जो ताजा रिपोर्ट मिली है उसके मुताबिक टीम के तीन अन्य खिलाड़ी भी घायल हुए हैं।"
हमले में टीम के साथ साथ चल रहे पांच सुरक्षाकर्मी भी मारे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications