प्रियंका ने कार्यकर्ताओं का किया आह्वान (लीड-2)
राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी के एक दिवसीय दौरे पर मंगलवार को आईं प्रियंका वाड्रा ने गौरीगंज में कांग्रेस सेवा दल के समापन शिविर में हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं से कहा कि राहुल सभी के भाई हैं। लिहाजा उन्हें जिताने के लिए हर कोई मैदान में उतर जाए।
प्रियंका ने वहां उपस्थित लोगों से कहा कि ठीक 10 साल पहले जब उनकी मां सोनिया गांधी ने अमेठी से चुनाव लड़ने का फैसला किया था तब पहली बार वह अमेठी के लोगों से रूबरू हुई थीं।
प्रिंयका ने कहा कि चुनाव में तो किसी को भी हराया जा सकता है, लेकिन जनता के प्यार को कोई नहीं हरा सकता।
सुल्तानपुर से आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लगाते हुए प्रियंका वाड्रा ने साफ किया कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि वह भाई राहुल और मां सोनिया गांधी के लिए प्रचार करती रहेंगी।
बाद में उत्तर प्रदेश के कांग्रेस प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि दोपहर बाद मुंशीगंज अतिथिगृह में स्थानीय कांग्रेसी नेताओं के साथ बैठक करने के बाद वाड्रा फुर्सतगंज हवाई अड्डे गईं और वहां से हवाई मार्ग से दिल्ली रवाना हो गईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications