लाहौर हमला : क्रिकेट जगत स्तब्ध, सभी ने एक सुर में की निंदा (राउंडअप)

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने इस हमले को काफी गंभीरता से लेते हुए कहा है कि इसके गंभीर परिणाम होंगे। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारुन लोगर्ट ने मंगलवार को कहा, "लाहौर की घटना ने हमें स्तब्ध और निराश कर दिया है। मैं इस घटना की भर्त्सना करता हूं। खिलाड़ियों पर हुए इस हमले के गंभीर परिणाम होंगे। आने वाले दिनों में हम काफी कड़े फैसले लेंगे। अभी हमारा ध्यान खिलाड़ियों की सुरक्षा पर है। श्रीलंका का पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया गया है और खिलाड़ियों को जल्द से जल्द उनके घर भेजने की व्यवस्था की जा रही है। "

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कहा है कि वह इस हमले से स्तब्ध है। हमले पर बोर्ड की ओर से प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए सचिव एन. श्रीनिवासन ने कहा, "हम श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर हुए हमले से स्तब्ध और निराश हैं। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि जिन खिलाड़ियों को चोट आई है, वे जल्द से जल्द स्वस्थ हो जाएं। हमारी संवेदना घायल खिलाड़ियों के परिजनों के साथ है। संकट की इस घड़ी में बीसीसीआई श्रीलंका के साथ है।"

उधर, नेपियर में न्यूजीलैंड के साथ खेल रही भारतीय टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने कहा है कि श्रीलंकाई क्रिकेटरों पर हुए जानलेवा हमले की बात सुनकर वह सन्न रह गए। धौनी ने कहा, "मैं इस घटना की खबर सुनकर सन्न रह गया। मैं बेहद स्तब्ध और निराश था। दौरों के दौरान खिलाड़ियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है। इस घटना से साफ हो गया कि क्रिकेटर हमलावरों की गिरफ्त से बाहर नहीं हैं। मैं उम्मीद करता हूं कि श्रीलंका के खिलाड़ी सुरक्षित होंगे।"

आस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के कप्तान रिकी पोंटिंग ने कहा कि वह अपने देश और टीम की तरफ से उन लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं, जो इस निंदनीय घटना से प्रभावित हुए हैं। बकौल पोंटिंग, "खिलाड़ी होने के नाते हम सभी एक परिवार के सदस्य हैं। किसी अपने पर होने वाला हमला बहुत दुख देता है। हम श्रीलंकाई खिलाड़ियों और उनके परिजनों के साथ हैं।"

न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान डेनियल विटोरी ने भी इस घटना की निंदा की है। भारत के साथ नेपियर में खेले गए पहले एकदिवसीय मुकाबले के बाद उन्होंने कहा, "मैं इस घटना से स्तब्ध हूं। इस घटना से पाकिस्तान के क्रिकेट का काफी जबरदस्त नुकसान होगा। संकट की इस घड़ी में मैं खिलाड़ियों और अधिकारियों की कुशलता को लेकर चिंतित हूं। मेरी संवेदना उनके साथ है।"

इसके अलावा न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड और दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों ने इस घटना की तीखी निंदा की है।

अपने घर में हुई इस घटना को लेकर पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद, वकार यूनुस, वसीम अकरम, रमीज राजा, इंजमाम उल हक और सलीम मलिक ने एक स्वर में कहा कि इस घटना से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट जगत में उनके देश की छवि पहले से अधिक खराब हो जाएगी।

लाहौर टेस्ट मैच में कमेंटेटर की भूमिका अदा कर रहे रमीज राजा ने कहा कि वह इस घटना के बारे में सुनकर स्तब्ध हैं। बकौल राजा, "इस घटना पर यकीन नहीं हो रहा है। किसी ने सोचा तक नहीं था कि क्रिकेटरों पर इस तरह हमला होगा, लेकिन सच्चाई यह है कि यह घटना घट चुकी और इससे हमारा दिल खून के आंसू हो रहा है।"

इंजमाम ने कहा, "यह घटना बेहद निंदनीय है। इससे 2011 के सह मेजबान के तौर पर पाकिस्तान की छवि बेहद खराब हो जाएगी। यह पहला मौका है, जब क्रिकेटरों को सीधे तौर पर निशाना बनाया गया है और वह भी हमारे देश में। अब यहां कोई देश खेलने के लिए नहीं आना चाहेगा।"

सलीम मलिक ने कहा कि इस आतंकवादी घटना के बाद पाकिस्तान में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेले जाने की संभावना बहुत कम रह गई है। उन्होंने कहा, "इस घटना की जितनी निंदा की जाए, कम है। इसके काफी गंभीर परिणाम सामने आएंगे। सबसे पहला प्रभाव पाकिस्तानी क्रिकेट पर पड़ेगा क्योंकि अब यहां कोई भी देश खेलना नहीं चाहेगा।"

मियांदाद ने इसे सुनियोजित हमला करार दिया। उन्होंने कहा, "जो कुछ हुआ, उसे देखते हुए यह कहना बेहद आसान है कि यह एक सुनियोजित हमला है। श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने हमेशा हमारी मदद की है। उन्होंने पाकिस्तान आने से कभी इंकार नहीं किया है। हम संकट की इस घड़ी में उनके साथ हैं।"

अकरम ने कहा कि पाकिस्तान का 2011 विश्व कप की मेजबानी का सपना अब सपना ही रह जाएगा। उन्होंने कहा, "मैं सिर्फ क्रिकेट की ही बात नहीं कर रहा हूं। यह घटना अपने आप में इतनी भयंकर है कि इसकी खुलकर निंदा की जानी चाहिए। मैं नहीं जानता कि यह किसने किया है लेकिन इससे हमारे अतिथिसत्कार की परंपरा को जबरदस्त क्षति पहुंची है।"

वकार ने कहा कि पाकिस्तान ने हमेशा इस बात को लेकर गर्व महसूस किया है कि यहां खेल से प्यार करने वाले लोग हैं लेकिन अगर इस तरह की घटनाएं यहां होती रहीं तो ऐसा सोचने वाले लोग खत्म हो जाएंगे। उन्होंने कहा, "इस घटना में हमारी परंपरा, संस्कृति और क्रिकेट के साथ-साथ कई और चीजों पर जबरदस्त प्रहार किया है। हम अब यह नहीं कह सकते कि हम खेलों से प्यार करते हैं।"

श्रीलंका के पूर्व कप्तान अरविंद डी सिल्वा ने कहा कि इस घटना के बाद पाकिस्तान के वर्ष 2011 में विश्व कप का मेजबान बने रहने की संभावना लगभग खत्म हो गई है।

श्रीलंकाई टीम के दिग्गज बल्लेबाज सनत जयसूर्या ने अपने साथियों की सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा, "क्रिकेट पर कभी भी इस तरह का हमला नहीं हुआ। मैंने अपने साथियों से बात की है। वे सुरक्षित हैं। हम चाहते हैं कि उन्हें जल्द से जल्द स्वदेश लाया जाए।"

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को तीसरे दिन के खेल के लिए होटल से गद्दाफी स्टेडियम जाते वक्त श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के काफिले पर अज्ञात बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिसमें कप्तान माहेला जयवर्धने, कुमार संगकारा, असंथा मेंडिस, थिलन समरवीरा, थरंगा पारानाविताना और चमिंडा वास घायल हो गए, जबकि पांच सुरक्षाकर्मी मारे गए। घायल हुए चार खिलाड़ियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जबकि दो का अभी भी इलाज चल रहा है। इस निंदनीय घटना के बाद श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के बाकी के सदस्यों को फौरन स्वदेश रवाना करने की व्यवस्था की जा रही है। खिलाड़ियों को गद्दाफी स्टेडियम से पाकिस्तान वायु सेना के हेलीकॉप्टर द्वारा हवाई अड्डा पर ले जाया गया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+