लाहौर हमला : यूनुस खान ने कहा, भाग्यशाली हैं हम
लाहौर, 3 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कप्तान यूनुस खान ने कहा है कि मंगलवार को श्रीलंका क्रिकेट टीम पर हुए जानलेवा हमले से बचने के बाद उनकी टीम खुद को खुशकिस्मत मान रही है।
यूनुस ने कहा, "चंद मिनटों के अंतर से हम बच गए। इस मामले में हम खुद को भाग्यशाली समझ रहे हैं। हम श्रीलंकाई टीम के पीछे ही स्टेडियम के लिए रवाना हुए। घटनास्थल के करीब पहुंचते ही हमने सुरक्षकर्मियों से कहा कि हमें वापस ले चलें। मैं इस बात को लेकर भी खुश हूं कि मेरे युवा खिलाड़ियों को किसी तरह की चोट नहीं आई क्योंकि उन पर इस घटना का गहरा असर हो सकता था।"
श्रीलंका और पाकिस्तान की टीमों को एक ही साथ गद्दाफी स्टेडियम के लिए रवाना होना था लेकिन पाकिस्तानी टीम सिर्फ इसलिए इस हमले की चपेट में आने से बच गई क्योंकि वह निर्धारित समय से पांच मिनट की देरी से रवाना हुई थी।
पाकिस्तानी टीम के कोच इंतिखाब आलम के मुताबिक पाकिस्तानी टीम को सुबह 8.30 बजे गद्दाफी स्टेडियम के लिए रवाना होना था लेकिन यूनुस के कहने पर वह पांच मिनट रुककर 8.35 बजे रवाना हुई। श्रीलंकाई टीम हमसे पांच मिनट पहले यानि निर्धारित वक्त पर रवाना हो गई थी।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को तीसरे दिन के खेल के लिए होटल से गद्दाफी स्टेडियम जाते वक्त श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के काफिले पर अज्ञात बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिसमें कप्तान माहेला जयवर्धने, कुमार संगकारा, असंथा मेंडिस, थिलन समरवीरा, थरंगा पारानाविताना और चमिंडा वास घायल हो गए, जबकि छह सुरक्षाकर्मी मारे गए।
घायल हुए चार खिलाड़ियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जबकि दो का अभी भी इलाज चल रहा है। इस निंदनीय घटना के बाद श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के बाकी के सदस्यों को फौरन स्वदेश रवाना करने की व्यवस्था की जा रही थी। खिलाड़ियों को गद्दाफी स्टेडियम से पाकिस्तान वायु सेना के हेलीकॉप्टर द्वारा हवाई अड्डा पर ले जाया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications