श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने बस चालक के प्रति आभार जताया

लाहौर, 3 मार्च (आईएएनएस)। श्रीलंका के क्रिकेट खिलाड़ियों ने मंगलवार को अज्ञात हमलावरों द्वारा चलाई जा रही अंधाधुंध गोलियों के बीच टीम की बस को सुरक्षित निकालने वाले चालक के प्रति तहे दिल से आभार जताया है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष एजाज बट्ट ने कहा कि श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने स्वदेश रवाना होने से पहले उस चालक से मिलने और आभार जताने की इच्छा जताई, जिसने उन्हें जीवन के सबसे मुश्किल क्षणों से सुरक्षित बाहर निकाला था।

बट्ट ने कहा, "हमने बस चालक मेहर मोहम्मद खलील और श्रीलंकाई खिलाड़ियों की मुलाकात करा दी। सबने खलील की बहादुरी की जमकर तारीफ की और जान बचाने के लिए उसका आभार जताया।"

पीसीबी प्रमुख के मुताबिक उन्होंने एक अज्ञात स्थान पर श्रीलंकाई खिलाड़ियों से मुलाकात की है। सभी खिलाड़ी सुरक्षित हैं।

बकौल बट्ट, "सभी मेहमान खिलाड़ी सुरक्षित हैं। अपने देश के राष्ट्रपति द्वारा भेजे जा रहे विशेष चार्टर्ड विमान का इंतजार कर रहे खिलाड़ियों में घर लौटने की खुशी है। यह विमान शाम 7.30 बजे लाहौर पहुंचेगा और फिर अबू धाबी होते हुए कोलंबो पहुंच जाएगा।"

बट्ट ने इस बात पर संतोष जाहिर किया कि जबरदस्त हमला होने के बावजूद श्रीलंकाई टीम के सभी खिलाड़ी सुरक्षित हैं।

उन्होंने कहा, "मैं तो इस बात के लिए अल्लाह का शुक्रिया अदा कर रहा हूं कि इतना जबरदस्त हमला होने के बावजूद खिलाड़ी सुरक्षित हैं। वे हमारे अतिथि हैं और उनकी सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।"

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को तीसरे दिन के खेल के लिए होटल से गद्दाफी स्टेडियम जाते वक्त श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के काफिले पर अज्ञात बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिसमें कप्तान माहेला जयवर्धने, कुमार संगकारा, असंथा मेंडिस, थिलन समरवीरा, थरंगा पारानाविताना और चमिंडा वास घायल हो गए, जबकि छह सुरक्षाकर्मी मारे गए।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+