श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर हमले से क्रिकेट जगत स्तब्ध (लीड-1)

पाकिस्तान तथा श्रीलंका के कई पूर्व कप्तानों और खिलाड़ियों ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। इस घटना की निंदा करने वालों में श्रीलंका के पूर्व कप्तान अरविंद डी सिल्वा, दिग्गज क्रिकेटर सनत जयसूर्या, पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के तीन पूर्व कप्तान रमीज राजा, इंजमाम उल हक और सलीम मलिक शामिल हैं।

पाकिस्तान के पूर्व कप्तानों ने एक स्वर में कहा कि इस घटना से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट जगत में उनके देश की छवि पहले से अधिक खराब हो जाएगी।

लाहौर टेस्ट मैच में कमेंटेटर की भूमिका अदा कर रहे रमीज राजा ने कहा कि वह इस घटना के बारे में सुनकर स्तब्ध हैं। बकौल राजा, "इस घटना पर यकीन नहीं हो रहा है। किसी ने सोचा तक नहीं था कि क्रिकेटरों पर इस तरह हमला होगा, लेकिन सच्चाई यह है कि यह घटना घट चुकी और इससे हमारा दिल खून के आंसू हो रहा है।"

इंजमाम ने कहा, "यह घटना बेहद निंदनीय है। इससे 2011 के सह मेजबान के तौर पर पाकिस्तान की छवि बेहद खराब हो जाएगी। यह पहला मौका है, जब क्रिकेटरों को सीधे तौर पर निशाना बनाया गया है और वह भी हमारे देश में। अब यहां कोई देश खेलने के लिए नहीं आना चाहेगा।"

सलीम मलिक ने कहा कि इस आतंकवादी घटना के बाद पाकिस्तान में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच खेले जाने की संभावना बहुत कम रह गई है।

उन्होंने कहा, "इस घटना की जितनी निंदा की जाए, कम है। इसके काफी गंभीर परिणाम सामने आएंगे। सबसे पहला प्रभाव पाकिस्तानी क्रिकेट पर पड़ेगा क्योंकि अब यहां कोई भी देश खेलना नहीं चाहेगा।"

अरविंद डी सिल्वा ने कहा कि इस घटना के बाद पाकिस्तान के वर्ष 2011 में विश्व कप का मेजबान बने रहने की संभावना लगभग खत्म हो गई है।

उधर, जयसूर्या ने अपने साथियों की सुरक्षा को लेकर जरूरी कदम उठाए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा, "क्रिकेट पर कभी भी इस तरह का हमला नहीं हुआ। मैंने अपने साथियों से बात की है। वे सुरक्षित हैं। हम चाहते हैं कि उन्हें जल्द से जल्द स्वदेश लाया जाए।"

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को तीसरे दिन के खेल के लिए होटल से गद्दाफी स्टेडियम जाते वक्त श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के काफिले पर अज्ञात बंदूकधारियों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिसमें कप्तान माहेला जयवर्धने, कुमार संगकारा, असंथा मेंडिस, थिलन समरवीरा, थरंगा पारानाविताना और चमिंडा वास घायल हो गए, जबकि पांच सुरक्षाकर्मी मारे गए।

घायल हुए चार खिलाड़ियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जबकि दो का अभी भी इलाज चल रहा है। इस निंदनीय घटना के बाद श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के बाकी के सदस्यों को फौरन स्वदेश रवाना करने की व्यवस्था की जा रही है। खिलाड़ियों को गद्दाफी स्टेडियम से पाकिस्तान वायु सेना के हेलीकॉप्टर द्वारा हवाई अड्डा पर ले जाया गया।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+