सिंगापुर की प्रगति में भारतीयों के योगदान को समर्पित होगा यह संग्रहालय
सिंगापुर, 3 मार्च(आईएएनएस)। सिंगापुर में एक ऐसा संग्रहालय बनेगा जो इस द्वीप राष्ट्र की प्रगति में प्रवासी भारतीयों के योगदान को समर्पित होगा। इस नगर-राष्ट्र के एक मंत्री ने मंगलवार को यहां इसकी घोषणा की।
सिंगापुर सरकार की वित्तीय मदद से तैयार होने वाले इस संग्रहालय का नाम इंडियन हेरिटेज सेंटर होगा। यह संग्रहालय सिंगापुर में भारतीय समुदाय के योगदानों से रू-ब-रू कराएगा। दो सदी पहले व्यापारी, सैनिक और बागान मजदूर के तौर पर सिंगापुर आने वाले भारतीयों की जड़ों की तलाश करने वालों के लिए यह संग्रहालय बेहद मददगार साबित होगा। यहां इससे जुड़े दस्तावेज और दूसरे प्रामाणिक साक्ष्य उपलब्ध होंगे।
आर्थिक मंदी के बावजूद सिंगापुर सरकार ने लाखों डॉलर की इस परियोजना के 95 फीसदी खर्च का वहन करने का फैसला किया है। विदेश मामलों के वरिष्ठ मंत्री बालाजी सदासिवन ने बताया कि संग्रहालय भारतीयों से आबाद 'लिट्ल इंडिया' जिले में स्थापित किया जाएगा।
शेष पांच फीसदी खर्च का वहन सिंगापुरी भारतीय समुदाय करेगा। सदासिवन ने कहा, "सिंगापुर में भारतीयों का इतिहास घोर संघर्ष और जिजीविषा का रहा है। विकट परिस्थितियों के बावजूद इस समुदाय ने देश के उत्थान में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।"
सिंगापुर सरकार ने इस संग्रहालय के लिए 2,000 वर्ग मीटर का एक भूखंड चिन्हित किया है। इसके लिए सदासिवन के नेतृत्व में उच्चस्तरीय समिति बनाई गई है, जिसकी देखरेख में परियोजना पूरी होगी। इसके अलावा कोष इकट्ठा करने और संग्रहालय का स्वरूप तय करने के लिए सामुदायिक नेताओं और विशेषज्ञों की दो और समितियों का भी गठन किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications