लाहौर हमला:श्रीलंका के 6 खिलाड़ी घायल, 6 सुरक्षाकर्मी मारे गए(लीड-3)

पाकिस्तान में पंजाब सूबे के गवर्नर सलमान तासीर ने कहा है कि श्रीलंकाई क्रिकेट टीम को निशाना बनाने वाले आतंकवादी मुंबई पर कहर बरपाने वाले आतंकवादियों जैसे ही थे।

तासीर ने संवाददाताओं को बताया, "इस हमले को मुंबई के आतंकवादी हमलों की ही तरह सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दिया गया। मुझे लगता है कि दोनों घटनाओं में एक ही तरह के आतंकवादी शामिल हैं।"

पाकिस्तान सरकार ने हमले की जांच के लिए विशेष जांच दल गठित करने की घोषणा की है।

श्रीलंकाई क्रिकेट टीम को सुबह करीब 8.45 बजे लिबर्टी मार्केट चौराहे पर निशाना बनाया गया। टीम उस समय होटल से दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन के खेल के लिए गद्दाफी स्टेडियम की ओर बढ़ रही थी।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) से जुड़े सूत्रों ने बताया कि श्रीलंकाई टीम की बस के साथ चल रही वैन भी हमले की चपेट में आ गई जिसमें मैच के अंपायर सवार थे। हमले में अंपायर के संपर्क अधिकारी अब्दुल सामी को चोटे आईं। अंपायर अहसान रजा भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

श्रीलंकाई टीम को ले जा रही बस के चालक ने दावा किया है कि बस के नीचे भी एक ग्रेनेड फैंका गया लेकिन उसमें विस्फोट नहीं हो सका।

लाहौर के पुलिस प्रमुख हबीबुर रहमान ने बताया कि 12 आतंकवादियों ने 25 मिनट तक गोलीबारी की। उनके पास बड़े पैमाने पर हथियार, राकेट लांचर और हथगोले थे।

उन्होंने बताया कि हमलावर रिक्शों से पहुंचे थे। और वे सभी बचकर निकल भागने में कामयाब रहे और अपना गोला-बारूद पीछे छोड़ गए।

इसबीच इस्लामाबाद में श्रीलंकाई उच्चायोग ने मंगलवार को लाहौर में हुए आतंकवादी हमले में घायल अपने देश के खिलाड़ियों के नाम जारी कर दिए हैं।

उच्चायोग के बयान में कहा गया है, "लाहौर में हुए आतंकवादी हमले में कुमार संगकारा, असंथा मेंडिस, सुरंगा लकमल और थिलिना तुषारा तथा सहायक कोच पॉल फारब्रेस को गंभीर चोटें आई हैं। इसके अलावा थिलन समरवीरा और थरंगा पारानाविताना को लाहौर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वे खतरे से बाहर हैं।"

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद समरवीरा और पारानाविताना को स्टेडियम लाया गया और फिर पाकिस्तान सेना के हेलीकॉप्टर द्वारा हवाई अड्डे भेज दिया गया।

बयान में कहा गया है कि श्रीलंकाई टीम के अधिकांश खिलाड़ी लाहौर स्थित अल्लामा इकबाल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच चुके हैं। यहीं से उन्हें स्वदेश भेजने का इंतजाम किया जाना है। श्रीलंकाई दूतावास चमारा रणवीरा ने इस हमले के बाद पाकिस्तान में क्रिकेट के भविष्य को लेकर चिंता जाहिर की है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के निदेशक (आपरेशंस) जाकिर खान ने कहा है कि पीसीबी के साथ काम करने वाले एक डॉक्टर को एहतियात के तौर पर चोटिल खिलाड़ियों के साथ रखा गया है।

श्रीलंकाई क्रिकेट खिलाड़ियों को पाकिस्तानी वायुसेना के हेलीकाप्टर से हवाई अड्डा ले जाया गया।

पाकिस्तानी टेलीविजन (पीटीवी) ने स्टेडियम से खिलाड़ियों को ले जाए जाने का सीधा प्रसारण किया। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष एजाज बट्ट ने उन्हें विदाई दी।

श्रीलंका में इस हमले को लेकर बेहद चिंता हैं। विदेश सचिव पी. कोहाना ने कहा है कि उन्होंने पाकिस्तानी अधिकारियों से बातचीत की है जिन्होंने उन्हें पूरी मदद का भरोसा दिलाया है। उन्होंने कहा, " किसी खेल टीम को नृशंस तरीके से निशाना बनाया जाना भयावह है। खिलाड़ियों को निशाना बनाने की प्रवृत्ति में बदलाव लाया जाना चाहिए।"

उधर, श्रीलंकाई टीम के कप्तान माहेला जयवर्धने के पिता ने बताया कि उनके पुत्र ने लाहौर से उनकी पुत्रवधू को फोन करके बताया है कि हमले में उनके पैर में मामूली चोट आई है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+