लाहौर हमला : जान बचाने के लिए बस में लेट गए थे जयवर्धने
वेबसाइट 'क्रिकइंफो डॉट कॉम' ने जयवर्धने के हवाले से लिखा है, "हमले के वक्त हम स्टेडियम की ओर जा रहे थे। आतंकवादियों ने सबसे पहले बस के पहियों पर निशाना साधा। ताबड़तोड़ चल रहीं गोलियों से बचने के लिए हम सभी बस की फर्श पर लेट गए थे। हमले के वक्त ही लग गया था कि पांच खिलाड़ी और हमारे सहायक कोच पॉल फेरब्रेस घायल हुए हैं। मैं इतना जरूर समझ रहा था कि कोई बहुत गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है।"
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को तीसरे दिन के खेल के लिए होटल से गद्दाफी स्टेडियम जाते वक्त अज्ञात बंदूकधारियों ने श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के काफिले पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिसमें कप्तान माहेला जयवर्धने, कुमार संगकारा, असंथा मेंडिस, थिलन समरवीरा, थरंगा पारानाविताना और चमिंडा वास घायल हो गए जबकि पांच सुरक्षाकर्मी मारे गए।
घायल हुए चार खिलाड़ियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जबकि दो का अभी भी इलाज चल रहा है। इस निंदनीय घटना के बाद श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के बाकी के सदस्यों को फौरन स्वदेश रवाना करने की व्यवस्था की जा रही थी। खिलाड़ियों को गद्दाफी स्टेडियम से पाकिस्तान वायु सेना के हेलीकॉप्टर द्वारा हवाई अड्डा पर ले जाया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications