लाहौर हमला : पूर्व पाकिस्तानी कप्तानों ने भर्त्सना की

लाहौर, 3 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के कई पूर्व कप्तानों ने मंगलवार को श्रीलंका क्रिकेट टीम के काफिले पर हुए आतंकवादी हमले की घोर निंदा की।

पूर्व कप्तानों ने एक स्वर में कहा कि इस घटना से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट जगत में पाकिस्तान की छवि पहले से अधिक खराब हो जाएगी।

पूर्व कप्तान और लाहौर टेस्ट मैच में कमेंटेटर की भूमिका अदा कर रहे रमीज राजा ने कहा कि वह इस घटना के बारे में सुनकर स्तब्ध हैं।

बकौल राजा, "इस घटना पर यकीन नहीं हो रहा है। किसी ने सोचा तक नहीं था कि क्रिकेटरों पर इस तरह हमला होगा, लेकिन सच्चाई यह है कि यह घटना घट चुकी और इससे हमारा दिल खून के आंसू हो रहा है।"

पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक ने कहा, "यह घटना बेहद निंदनीय है। इससे 2011 के सह मेजबान के तौर पर पाकिस्तान की छवि बेहद खराब हो जाएगी। यह पहला मौका है, जब क्रिकेटरों को सीधे तौर पर निशाना बनाया गया है और वह भी हमारे देश में। अब यहां कोई देश खेलने के लिए नहीं आना चाहेगा।"

एक अन्य पूर्व कप्तान सलीम मलिक ने कहा कि इस आतंकवादी घटना के बाद पाकिस्तान में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट खेले जाने की संभावना बहुत कम रह गई है।

उन्होंने कहा, "इस घटना की जितनी निंदा की जाए, कम है। इसके काफी गंभीर परिणाम सामने आएंगे। सबसे पहला प्रभाव पाकिस्तानी क्रिकेट पर पड़ेगा क्योंकि अब यहां कोई भी देश खेलना नहीं चाहेगा।"

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को तीसरे दिन के खेल के लिए टीम होटल से गद्दाफी स्टेडियम जाते वक्त अज्ञात बंदूकधारियों ने श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के काफिले पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं, जिसमें कप्तान माहेला जयवर्धने, कुमार संगकारा, असंथा मेंडिस, थिलन समरवीरा, थरंगा पारानाविताना और चमिंडा वास घायल हो गए जबकि पांच सुरक्षाकर्मी मारे गए।

घायल हुए चार खिलाड़ियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जबकि दो का अभी भी इलाज चल रहा है। इस निंदनीय घटना के बाद श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के बाकी के सदस्यों को फौरन स्वदेश रवाना करने की व्यवस्था की जा रही है। खिलाड़ियों को गद्दाफी स्टेडियम से पाकिस्तान वायु सेना के हेलीकॉप्टर द्वारा हवाई अड्डा पर ले जाया गया है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+