लाहौर हमला : आईसीसी ने कहा, हमले के गंभीर नतीजे होंगे

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हारुन लोगर्ट ने मंगलवार को कहा कि इस समय पूरी दुनिया की प्राथमिकता श्रीलंकाई खिलाड़ियों की सुरक्षा है।

उन्होंने कहा, "लाहौर की घटना ने हमें स्तब्ध और निराश कर दिया है। मैं इस घटना की भर्त्सना करता हूं। खिलाड़ियों पर हुए इस हमले के गंभीर परिणाम होंगे। आने वाले दिनों में हम काफी कड़े फैसले लेंगे। अभी हमारा ध्यान खिलाड़ियों की सुरक्षा पर है। श्रीलंका का पाकिस्तान दौरा रद्द कर दिया गया है और खिलाड़ियों को जल्द से जल्द उनके घर भेजने की व्यवस्था की जा रही है। "

लोगर्ट ने पिछले महीने पाकिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था पर उंगली उठाई थी। उन्होंने कहा था कि पाकिस्तान 2011 विश्व कप की सहमेजबानी के दौरान खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों की सुरक्षा का इंतजाम करने में सक्षम नहीं है।

इसे लेकर पाकिस्तान सरकार और खासकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने लोगर्ट की खूब आलोचना की थी। पीसीबी अध्यक्ष एजाज बट्ट ने यहां तक कहा था कि लोगर्ट पाकिस्तान के प्रति दोहरी मानसिकता रखते हैं, यही कारण है कि वह उसकी क्षमता पर उंगली उठा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को तीसरे दिन के खेल के लिए टीम होटल से गद्दाफी स्टेडियम जाते वक्त अज्ञात बंदूकधारियों ने श्रीलंकाई क्रिकेट टीम के काफिले पर हमला कर दिया।

इस हमले में कप्तान माहेला जयवर्धने, कुमार संगकारा, असंथा मेंडिस, थिलन समरवीरा, थरंगा पारानाविताना और चमिंडा वास घायल हो गए जबकि पांच सुरक्षाकर्मी मारे गए।

चार घायल खिलाड़ियों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जबकि दो का अभी भी इलाज चल रहा है। इस निंदनीय घटना के बाद श्रीलंकाई क्रिकेट टीम को फौरन स्वदेश रवाना करने की व्यवस्था की जा रही है। खिलाड़ियों को गद्दाफी स्टेडियम से पाकिस्तान वायु सेना के हेलीकॉप्टर द्वारा सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+