सही उम्मीदवारों का चयन चुनावी जीत के लिए महत्वपूर्ण: महंत
गुवाहाटी, 3 मार्च(आईएएनएस)। पूवरेत्तर राज्य असम के पूर्व मुख्यमंत्री और असम गण परिषद(अगप) के संस्थापक प्रफुल्ल कुमार महंत ने कहा है कि आगामी संसदीय चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए सही उम्मीदवारों का चयन महत्वपूर्ण है।
पार्टी से निष्कासन के चार वर्षो बाद पिछले साल अक्टूबर में पार्टी में वापसी करने वाले महंत ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "चुनावी हार या जीत के पीछे उम्मीदवारों की छवि की खास भूमिका होती है।" दो बार असम के मुख्यमंत्री रहे महंत ने कहा कि व्यापक जनाधार वाले नेताओं के चयन पर खास जोर दिया जाना चाहिए।
महंत ने कहा कि उम्मीदवारों के चयन में पार्टी के हितों को सबसे ऊपर रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, "पार्टी के चुनावी अभियान में मैं कोई भी भूमिका निभाने को मैं तैयार हूं। पार्टी के अनुशासित सदस्य के तौर पर मैं इस अभियान में भूमिका निभाना चाहता हूं।"
सूत्रों का कहना है कि महंत को अभी भी महत्वपूर्ण फैसले लेने की छूट नहीं है। पार्टी की चुनावी रणनीति तैयार करने में उनके अनुभव का इस्तेमाल नहीं हो रहा है। वैसे, महंत इससे इंकार करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications