गांधी से जुड़ी धरोहरों की नीलामी से शांति का संदेश जाएगा: संग्राहक
वाशिंगटन, 3 मार्च (आईएएनएस)। महात्मा गांधी से जुड़ी कुछ धरोहरों को बेचने की योजना बना रहे अमेरिकी कला संग्राहक जेम्स ओटिस ने कहा है कि इस नीलामी से गांधी का संदेश दुनिया में फैलेगा।
न्यूयार्क में रहने वाले इस संग्राहक ने कहा कि इससे गांधी के संदेश पर दुनिया भर में बहस तेज होगी। ओटिस ने कहा,"राष्ट्रपति बराक ओबामा अपने चुनाव अभियान के दौरान गांधी के बारे में काफी कुछ बोल चुके हैं और ओबामा ने अपने कार्यालय में गांधी की तस्वीर भी लगवाई है। लेकिन राष्ट्रपति बनते ही उन्होंने अफगानिस्तान में 17 हजार सैनिक भेजने का ऐलान कर दिया। यह कथनी और करनी का फर्क है। मैं समझता हूं कि गांधी के संदेश को अधिक से अधिक प्रासंगिक बनाने की जरूरत है।"
ओटिस के पास कुछ ऐसी वस्तुएं हैं जिनका इस्तेमाल गांधी किया करते थे। वह जाने-माने फिल्म निर्माता, कार्यकर्ता और प्रतिबद्घ कला संग्राहक हैं। उन्होंने एक लोकप्रिय वेबसाइट 'द डेली बीस्ट' से बातचीत करते हुए कहा, "अगर गांधी के संदेश पर अमल होता तो आज पूरी दुनिया में हिंसा का ऐसा तांडव नहीं होता जैसा इराक, पाकिस्तान, अफगानिस्तान या अन्य इलाकों में देखा जा रहा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications