'गिनी बिसाओ के राष्ट्रपति की हत्या'

ये ख़बर प्रधानमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी और विदेशी मामलों के लिए सेना के प्रवक्ता ने दी.
राष्ट्रपति की हत्या से कुछ घंटे पहले ही ख़बर आई थी कि सेनाध्यक्ष की हत्या कर दी गई है. उनके राष्ट्रपति के साथ गहरे मतभेद थे. सेनाध्यक्ष की मौत उनके कार्यालय में बम धमाके में हुई. पाँच अन्य लोगों के भी मारे जाने की ख़बर है.
राजधानी बिसाओ में गोलीबारी की आवाज़े आ रही हैं और ये स्पष्ट नहीं है देश पर किसका नियंत्रण है. ये भी स्पष्ट नहीं है कि क्या तख़्ता पल्ट की कोशिश की जा रही है.
गिनी बिसाओ विश्व के सबसे ग़रीब देशों में से है. यहाँ तख़्ता पल्ट का इतिहास रहा है और यूरोप में कोकेन की तस्करी का ये मुख्य मार्ग बन गया है. 1974 में पुर्तगाल से आज़ाद होने के बाद से ही वहाँ राजनीतिक अनिश्चितिता रही है.
रिपोर्टों के मुताबिक सरकार के मंत्री मामले पर बातचीत करने के लिए मिल रहे हैं.
तनाव
एएफ़पी के मुतबिक सेना के प्रवक्ता ज़मोरा इनदुता ने बताया, "सैनिकों ने राष्ट्रपति वियेरा की हत्या कर दी है. सेनाध्यक्ष के करीबी माने जाने वाले सैनिकों ने राष्ट्रपति के घर पर हमला किया था. उन्होंने आरोप लगाया कि सेनाध्यक्ष की मौत के लिए बर्नोर्डो वियेरा ज़िम्मेदार थे."
बीबीसी के पश्चिम अफ़्रीका संवादादता का कहना है कि ये पता नहीं चला है कि सेनाध्यक्ष पर हमले के लिए कौन ज़िम्मेदार है लेकिन ये देश की नाज़ुक स्थिति ज़रूर दर्शाता है.
पिछले साल नवंबर में हुए हमले के बाद राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए 400 लोगों का काफ़िला दिया गया था. लेकिन जनवरी में आरोप लगाया गया था कि मिलिशिया सेनाध्यक्ष को मारने की कोशिश कर रहा है. उसके बाद इसे ख़त्म कर दिया गया था.


Click it and Unblock the Notifications