बांग्लादेश में विद्रोहियों की तलाश

इस विद्रोह में बांग्लादेश सेना के लगभग 140 लोग मारे गए थे.
बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना का कहना है कि ये विद्रोह सुनियोजित था और इसकी जाँच जारी है.
उन्होंने बताया कि उन्होंने अमरीका की एफ़बीआई और ब्रिटेन के स्कॉटलैंड यार्ड से जाँच में मदद माँगी है.
बांग्लादेश पुलिस का कहना है कि वो विद्रोह के सिलसिले में बांग्लादेश राइफ़ल्स के एक हज़ार से अधिक लोगों के ख़िलाफ़ मामला चलाया जाएगा.
इसमें हथियारों और विस्फोटकों का इस्तेमाल कर अधिकारियों और आम लोगों की हत्या करने, अफ़रातफ़री फैलाने, लूटपाट और शवों को छुपाने के आरोप शामिल हैं.
राजधानी ढाका में हिंसा के इतने दिनों बाद भी सेना के 70 अधिकारियों का पता नहीं चल पा रहा है.
विद्रोह की शुरुआत
उल्लेखनीय है कि शुरुआत में बांग्लादेश सरकार ने विद्रोह करने वालों को आम माफ़ी की पेशकश की थी लेकिन जब मारे गए लोगों की संख्या का असल आँकड़ा सामने आया तो सरकार ने कहा कि दोषियों को सज़ा दी जाएगी.
बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड लंबे समय से शिकायत करते आए हैं कि उन्हें सेना के जवानों के मुकाबले कम वेतन मिलता है.
बांग्लादेश की राजधानी ढाका में 25 फ़रवरी को बांग्लादेश राइफ़ल्स के जवानों ने विद्रोह कर दिया था.
इसके बाद सेना और बांग्लादेश राइफ़ल्स के जवानों के बीच भारी गोलीबारी हुई थी.
बीडीआर के जवानों का सशस्त्र विद्रोह ढाका के बाहर 12 अन्य शहरों में फैल गया था.
शुरुआत में कहा गया था कि वेतन, कामकाज का वातावरण और तरक्की के सवालों पर नाराज़ जवानों ने विद्रोह किया था.


Click it and Unblock the Notifications