मछुआरों की मदद लेगा तटरक्षक बल
अहमदाबाद, 2 मार्च (आईएएनएस)। तटरक्षक बल गुजरात की 1600 किलोमीटर लंबी तटीय सीमा पर आतंकवादियों और घुसपैठियों की संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अब मछुआरों की मदद लेगा। मुबंई पर कहर बरपाने वाले आतंकवादी समुद्र मार्ग से ही शहर में दाखिल हुए थे।
तटरक्षक बल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आईएएनएस को फोन पर बताया कि जामनगर से तटरक्षक बल ओखा, जाखू, वलसाड और पोरबंदर तटों के मछुआरों को चौकस रहने और पोतों या नौकाओं में सवार व्यक्तियों की संदिग्ध गतिविधियों के बारे में टॉल फ्री नंबर 1554 पर जानकारी देने के लिए प्रशिक्षित कर रहा है।
अधिकारी ने बताया कि मछुआरों को तटरक्षक बलों के जवानों के साथ संपर्क साधने के लिए अपने साथ मोबाइल फोन और वायरलैस सेट रखने की भी सलाह दी गई है।
अधिकारी के मुताबिक मछुआरों को अपने साथ एफएम रेडियो रखने को भी कहा गया है खराब मौसम की सूचना मिलने पर वे नजदीकी तट पर जा सके।
गुजरात तट से सटी समुद्री सीमा पर रात-दिन मछुआरों की कई नौकाओं की भीड़ रहती है। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियों को आतंकवादियों और घुसपैठियों पर नजर रखने की दुविधा होती है।
उन्होंने बताया कि ऐसे मौकों पर टॉल फ्री नंबर का इस्तेमाल कर नजदीकी तटरक्षक पोत से संपर्क कर संदिग्ध नौकाओं की जानकारी दी जा सकती है।
गत 26 नवंबर को आतंकवादी कुबेर नाम की एक भारतीय नौका का अपहरण कर मुंबई में दाखिल हुए थे और 60 घंटे तक कहर बरपाया था। इन हमलों में 170 से ज्यादा लोग मारे गए थे और 300 घायल हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications