रिलायंस इंडस्ट्रीज में रिलायंस पेट्रोलियम का विलय मंजूरी (लीड-1)
इस विलय के बारे में कंपनी के प्रोमोटरों का कहना है कि इससे हाइड्रोकार्बन के क्षेत्र में बेहतर मौके मिलेंगे।
दोनों कंपनियों के निदेशक मंडलों की बैठक सोमवार सुबह यहां संपन्न हुई जिसमें रिलायंस पेट्रोलियम के 16 शेयरों के बदले रिलायंस इंडस्ट्रीज के एक शेयर के आधार पर विलय को मंजूरी दी गई। जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद विलय को अंतिम रूप दिया जाएगा।
कंपनी के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा, "यह विलय रिलायंस इंडस्ट्रीज की उस सोच पर आधारित है जिसमें सभी शेयरधारकों को मजबूत मूल्य उपलब्ध कराने की बात कही गई है।" उन्होंने कहा कि यह विलय रिलायंस को वैश्विक दिग्गज कंपनियों में शामिल करने का एक कदम है।
देश के शेयर बाजारों के खुलने से पहले विलय पर मुहर लगने के बाद शेयर बाजरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर गिरावट के साथ खुले जबकि रिलायंस पेट्रोलियम के शेयर शुक्रवार के बंद (76.20) के मुकाबले 82 पर खुले।
दोनों कंपनियों की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि विलय से रिलायंस इंडस्ट्रीज की कच्चे तेल की प्रतिदिन प्रोसेसिंग क्षमता बढ़कर 12.4 लाख बैरल हो जाएगी। इस तरह किसी एक जगह पर इतनी बड़ी मात्रा में तेल का शोधन करने वाली यह दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी बन जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications