राजग में शामिल हुए अजीत सिंह (लीड-2)
रालोद के राजग में शामिल होने का ऐलान नई दिल्ली में एक साझा पत्रकार सम्मेलन में किया गया। इस दौरान राजग के कार्यकारी संयोजक शरद यादव, भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी व पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह और रालोद अध्यक्ष अजीत सिंह एक साथ मौजूद थे।
इस मौके पर आडवाणी ने कहा, "आज अजीत सिंह राजग में शामिल हुए हैं। इससे केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी से लोगों के छुटकारे पाने की संभावना बढ़ गई है। "
शरद यादव ने कहा, "राजग के साथ समाज के कमजोर तबकों और किसानों का बड़े पैमाने पर समर्थन रहा है और अब अजीत सिंह के आने से यह और भी पुख्ता हो गया है।"
पूर्व प्रधानमंत्री चरण सिंह के पुत्र अजीत सिंह के अनुसार भारतीय राजनीति में बदलाव की जरूरत है और इस समय राजग द्वारा ही परिवर्तन लाया जा सकता है।
उधर, भाजपा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि रालोद को उत्तर प्रदेश में सात सीटें दी गईं हैं। उल्लेखनीय है कि पिछले लोकसभा चुनाव में रालोद ने समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और उसे तीन सीटें हासिल हुईं थीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications