राजपक्षे की नेपाल यात्रा में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
सुदेशना सरकार
काठमांडू, 2 मार्च (आईएएनएस)। तमिल विद्रोही संगठन लिब्रेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे)की श्रीलंका की सरहद के बाहर भी हत्याकांडों को अंजाम देने की क्षमताओं के मद्देनजर राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे की तीन दिन की नेपाल यात्रा के दौरान सुरक्षा के अभूतपूर्व बंदोबस्त किए गए हैं।
काठमांडू स्थित त्रिभुवन अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर जाने वाली सभी सड़कों पर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। राजपक्षे की सुरक्षा के लिए नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल और नेपाल सेना के 1500 जवान तैनात किए गए हैं।
राजपक्षे विशेष चार्टेज विमान से यहां पहुंचे। इसके साथ ही कोलंबो और काठमांडू के बीच सीधी विमान सेवा की शुरूआत हो गई। उनके साथ श्रीलंका के विदेश और निर्यात मंत्री भी हैं।
राजपक्षे की इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच दो समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे। वह दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन(दक्षेस)के मुख्यालय भी जाएंगे।
कड़े सुरक्षा प्रबंधों के कारण राजपक्षे मीडिया के साथ कोई बातचीत नहीं करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications