उप्र में पत्नी व बेटे की हत्या कर शवों को जमीन में गाड़ा
घटना का खुलासा आरोपी के ससुर के जरिए हुआ जब वह अपनी बेटी और नाती से मिलने आया और घर का दरवाजा बंद पाया। उसने पड़ोसियों की मदद से घर की तलाशी ली और बाद में शक के आधार पर पुलिस को सूचित कर घर के एक कमरे की खुदाई कराई।
पुलिस अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
जिले के बिसंडा थाना प्रभारी राजेंद्र बहादुर ने रविवार को आईएएनएस को बताया कि आरोपी जानकी (30) और उसके भाई व मां के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
बहादुर के मुताबिक घटना ओरन गांव की है। पालदेव गांव निवासी पूसे की पुत्री चुनकी देवी ओरन गांव निवासी जानकी से ब्याही थी। शनिवार को पूसे बेटी से मिलने पहुंचा। घर पर ताला देख वह दामाद जानकी के पास पहुंचा, जानकी पल्लेदारी करता है। पता चला कि वह कई दिनों से काम पर ही नहीं गया।
शक होने पर पूसे ने पड़ोसियों के साथ ताला तोड़कर घर की छानबीन की तो कमरे की कच्ची फर्श को एक जगह मिट्टी से लीपा हुआ पाया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जमीन खुदवाई तो ढाई फीट नीचे मासूम रिव (डेढ़ वर्ष) और इसके बाद करीब चार फीट की गहराई से चुनकी (27) का शव बरामद हुआ।
थाना प्रभारी ने बताया कि हत्या के कारणों का पता नहीं लग पाया है। घटना की जांच की जा रही है।
उधर जानकी के ससुर पूसे ने आरोप लगाया है कि उसका दामाद अक्सर उसकी बेटी से पैसे की मांग करता था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications